विदेश की खबरें | नाटो के कई देशों के ऊपर से उड़ता हुआ ड्रोन क्रोएशिया में दुर्घटनाग्रस्त

क्रोएशिया की सरकार द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि पायलट रहित सैन्य विमान ने पड़ोसी देश हंगरी से क्रोएशिया के वायु क्षेत्र में 700 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से और 1,300 मीटर (4,300 फुट) की ऊंचाई पर प्रवेश किया।

सरकार ने कहा कि एक आपराधिक जांच शुरू की जाएगी और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) को इस घटना से अवगत कराया जाएगा।

क्रोएशिया सरकार ने कहा कि इस घटना का यह मतलब है कि यह बड़ा ड्रोन विमान कम से कम 560 किमी तक उड़ा, लेकिन क्रोएशिया, हंगरी और संभवत:रोमानिया की वायु रक्षा प्रणालियों को इसका पता तक नहीं चला। ये सभी पश्चिमी सैन्य गठबंधन के सदस्य हैं।

द वार जोन ऑनलाइन पत्रिका के सैन्य विशेषज्ञों ने कहा कि यह ड्रोन सोवियत कालीन तु-141 स्ट्रिज ड्रोन है।

क्रोएशिया के राष्ट्रपति जोरान मिलानोविक ने कहा कि इस गंभीर घटना की अवश्य ही गहन जांच होनी चाहिए ताकि यह पता चल सके कि ड्रोन निर्बाध रूप से नाटो देशों के ऊपर से एक घंटे तक कैसे उड़ा।

उन्होंने कहा कि ईंधन की कमी के चलते ड्रोन जागरेब में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)