देश की खबरें | द्रौपदी मुर्मू ने 64 फीसदी से अधिक मतों से राष्ट्रपति चुनाव जीता

नयी दिल्ली, 21 जुलाई राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कुल 6,76,803 मतों के साथ जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को कुल 3,80,177 वोट मिले।

चौथे चरण की मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी पी. सी. मोदी ने मुर्मू के 64.03 फीसदी मतों के साथ चुनाव जीतने की आधिकारिक घोषणा की। सिन्हा को कुल वैध मतों के 36 फीसदी वोट मिले।

मुर्मू को 540 सांसदों सहित कुल 2824 मतदाताओं के वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सिन्हा को 208 सांसदों सहित 1,877 मतदाताओं के वोट मिले।

मतगणना के नतीजों की घोषणा करते हुए निर्वाचन अधिकारी मोदी ने कहा, ‘‘निर्वाचन अधिकारी के रूप में मैं द्रौपदी मुर्मू को भारत का राष्ट्रपति घोषित करता हूं।’’

सूत्रों ने कहा कि विपक्षी दलों के 17 सांसदों ने उनके समर्थन में ‘क्रॉस वोटिंग’ की है।

आंध्र प्रदेश के सभी विधायकों ने मुर्मू के पक्ष में मतदान किया, जबकि अरुणाचल प्रदेश में उन्हें चार को छोड़कर सभी विधायकों के मत मिले।

वहीं, राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने बृहस्पतिवार को अपनी हार स्वीकार करते हुए मुर्मू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर भारतीय उम्मीद करता है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के ‘‘संविधान के संरक्षक’’ के रूप में कार्य करेंगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर मुर्मू को बधाई दी और कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से से ताल्लुक रखने वाली एक आदिवासी समुदाय में जन्मी नेता को राष्ट्रपति निर्वाचित कर भारत ने इतिहास रच दिया है।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू की “प्रभावशाली” जीत पर उन्हें बधाई दी और कहा कि उनकी विजय भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)