देश की खबरें | डॉक्टर की हत्या: भाजपा ने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया, ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हाल ही में एक महिला चिकित्सक की हत्या के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार को पूरे पश्चिम बंगाल में रैलियाों और धरनों का आयोजन किया।
कोलकाता, 16 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हाल ही में एक महिला चिकित्सक की हत्या के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार को पूरे पश्चिम बंगाल में रैलियाों और धरनों का आयोजन किया।
बनर्जी के इस्तीफे की मांग करते हुए और तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य की स्थिति को पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे विफल लोकतंत्रों से भी बदतर बताया और प्रशासन पर संकट को हल करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
पार्टी ने आरोप लगाया कि कोलकाता के श्यामबाजार फाइव प्वाइंट क्रॉसिंग पर उनकी रैली को पुलिस ने नाकाम कर दिया। पार्टी के अनुसार रैली के लिए बनाए गए मंच को तोड़ दिया गया और कई भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर लालबाजार पुलिस मुख्यालय ले जाया गया। पार्टी ने इसकी निंदा की।
पुलिस ने इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है।
भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा, "क्या तृणमूल यह सोचती है कि हमारा मंच तोड़कर वह इस भयावह घटना पर लोगों के आक्रोश को दबा सकती है? पश्चिम बंगाल की स्थिति पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे विफल लोकतंत्रों से भी बदतर है। बनर्जी को अपने कर्तव्यों को पूरा करने में विफल रहने के लिए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।"
विधायक अग्निमित्रा पॉल और रुद्रनील घोष सहित कई भाजपा नेता भी प्रदर्शन में भाग लेने के लिए श्यामबाजार में मौजूद थे।
पॉल ने कहा, "इस तानाशाही सरकार को जाना होगा। राज्य के लोग ममता बनर्जी सरकार को हटा देंगे।"
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार भी मौके पर पहुंचे और वहां धरना दिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, मालदा, उत्तर 24 परगना के दमदम-नगरबाजार और अन्य स्थानों सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में धरना प्रदर्शन आयोजित किए।
पार्टी शुक्रवार शाम को एक्साइड क्रॉसिंग से हाजरा तक मशाल रैली भी निकालने वाली है। यह बनर्जी के आवास से कुछ ही दूरी पर है।
कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके नगर बाजार में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा के विरोध पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तृणमूल ने उस पर राजनीतिक लाभ लेने के लिए माहौल खराब करने का आरोप लगाया।
वरिष्ठ तृणमूल नेता कुणाल घोष ने कहा, "क्या भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने ऐसी ही घटनाएं होने पर इस्तीफा दिया था? इसका जवाब है नहीं। जो भी व्यक्ति तोड़फोड़ में शामिल है, उसे पार्टी से जुड़े होने की परवाह किए बिना गिरफ्तार किया जाना चाहिए। विपक्ष इस घटना पर गंदी राजनीति कर रहा है।"
बृहस्पतिवार को सुबह अज्ञात बदमाशों ने आरजी कर अस्पताल के एक हिस्से में तोड़फोड़ की। नौ अगस्त को मेडिकल प्रतिष्ठान के सेमिनार कक्ष में एक महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सक की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 16, 2024 06:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

