पुडुचेरी, 26 दिसम्बर पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने उपराज्यपाल किरण बेदी पर एक और निशाना साधते हुए उनसे कहा है कि सरकार के लिए समस्याएं खड़ी करने वाले मुद्दे उठाने वाले राजनीतिक दलों का वह एक पक्ष न बनें।
नारायणसामी उस पत्र का जवाब दे रहे थे जो उन्हें 24 दिसम्बर को बेदी से मिला है जिसमें उन्होंने अन्नाद्रमुक की यहां बीच रोड पर नववर्ष के जश्न पर रोक लगाने की मांग का उल्लेख किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी अध्यक्षता वाले राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने 22 दिसंबर को आयोजित एक बैठक में जश्न की अनुमति दी थी जो कि केंद्रीय स्वास्थ्य और गृह मंत्रालयों द्वारा उल्लेखित मूलभूत सुरक्षा मानदंडों के अधीन होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में कोविड-19 के मामलों में कमी आयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के कारण पिछले तीन दिनों के दौरान कोई मौत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में संक्रमित होने की दर एक प्रतिशत से कम है जबकि राष्ट्रीय औसत 1.5 प्रतिशत और पूरे विश्व में तीन प्रतिशत है।
पुडुचेरी में ठीक होने की दर 97.42 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.66 प्रतिशत है।
नारायणसामी ने कहा, ‘‘मंत्रियों, विधायकों, स्वास्थ्य अधिकारियों और उपराज्यपाल सहित अन्य द्वारा उठाए गए कदमों के कारण अब पुडुचेरी में कोविड-19 नियंत्रण में है। इन परिस्थितियों में, उपराज्यपाल को एक पूर्व निर्धारित तरीके से समुद्र तट पर नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न पर प्रतिबंध लगाने की सोशल मीडिया के माध्यम से घोषणा करने का कोई स्वतंत्र अधिकार नहीं है।’’
नारायणसामी ने कहा कि मद्रास उच्च न्यायालय ने भी 2018 में अपने फैसले में स्पष्ट किया था कि उपराज्यपाल के पास कोई आदेश या निर्देश जारी करने का कोई स्वतंत्र अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘यहां विपक्षी दलों का काम मुद्दे उत्पन्न करना और सरकार को परेशान करना है। उप राज्यपाल को उनके द्वारा उठाए गए राजनीतिक मुद्दों का पक्ष नहीं होना चाहिए।’’
उन्होंने उप राज्यपाल को लिखी अपने पत्र में कहा कि बीच रोड पर नए साल के जश्न की अनुमति देने वाला एसडीएमए द्वारा जारी आदेश अच्छा है। पत्र की प्रतिलिपि शनिवार को मीडिया को जारी की गई।
उल्लेखनीय है कि बेदी ने कांग्रेस सरकार द्वारा नए साल के जश्न की अनुमति देने पर महामारी को देखते हुए आपत्ति जताई थी और नारायणसामी से उन्हें प्रतिबंधित करने का आग्रह किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY