देश की खबरें | द्रमुक ने ‘अनुशासनहीनता’ को लेकर पार्टी पदाधिकारी को बर्खास्त किया

चेन्नई, 18 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता एवं अभिनेत्री खुशबू सुंदर पर कथित तौर पर ‘भद्दी टिप्पणी’ करने को लेकर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के एक पदाधिकारी को पार्टी से रविवार को बर्खास्त कर दिया गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

खुशबू ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) द्रमुक पदाधिकारी की टिप्पणी का खुद संज्ञान लेगा। उल्लेखनीय है कि खुशबू राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य हैं।

खुशबू ने ट्विटर पर इस मुद्दे को उठाया और बाद में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

वहीं, राज्य में सत्तारूढ़ द्रमुक ने घोषणा की कि वह अपने पदाधिकारी (प्लेफॉर्म स्पीकर) शिवाजी कृष्णमूर्ति को पार्टी का अनुशासन तोड़ने पर पार्टी से बर्खास्त किया जा रहा है।

इस मुद्दे पर ट्वीट करने के कुछ घंटों बाद संवाददाता सम्मेलन में खुशबू भावुक नजर आईं। खुशबू ने कहा कि वह पहले ही इस मुद्दे को तमिलनाडु राज्य महिला आयोग के समक्ष उठा चुकी हैं।

बाद में, पुलिस ने शिवाजी कृष्णमूर्ति को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया, जिसमें ‘‘शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना’’ भी शामिल है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘हां, उन्हें आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)