देश की खबरें | मंदिर में प्रवेश करने पर एक दलित को गालियां देने पर द्रमुक पदाधिकारी पार्टी से निलंबित

सलेम (तमिलनाडु), 30 जनवरी सलेम जिले में मंदिर में प्रवेश करने पर एक दलित को गालियां देते हुए कैमरे में कैद हुए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के एक पदाधिकारी को सोमवार को पार्टी ने निलंबित कर दिया।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सलेम दक्षिण के यूनियन के सचिव टी मणिकम को एक स्थानीय मंदिर में प्रवेश करने पर अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति को गालियां देते हुए सुना जा सकता है। मणिकम को इस व्यक्ति के पिता को भी गालियां देते हुए सुना जा सकता है।

वीडियो में मणिकम कहते हैं, ‘‘ आधे तो मंदिर आना भी नहीं चाहते हैं...... तुमलोग भूमिगत कार्य कर रहे हो, जबकि मैं नौकरियां सुरक्षित करने की कोशिश कर रहा हूं। ’’

इस मंदिर का प्रबंधन तमिलनाडु हिंदू धार्मिक एवं परमार्थ धर्मादा विभाग करता है। राज्य में द्रमुक सत्तासीन है।

द्रमुक महासचिव दुरैमुरुगन ने एक बयान के माध्यम से घोषणा की कि मणिकम को पार्टी के अनुशासन का उल्लंघन करने को लेकर निलंबित कर दिया गया है।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने वीडियो पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ एक द्रमुक सांसद को कल मंदिर गिराये जाने पर गर्व महसूस करते हुए देखा गया और हम तमिलनाडु के सलेम जिले में एक द्रमुक जिला पदाधिकारी को अनुसूचित जाति समुदाय के भाइयों एवं बहनों को मंदिर में प्रवेश करने से रोकते हुए देख रहे हैं। यह सामाजिक न्याय का द्रमुक मॉडल है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)