जयपुर, 21 सितंबर राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव के लिये अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित घोषणापत्र समिति की बैठक बृहस्पतिवार को उसके अध्यक्ष डॉ सी. पी. जोशी की अध्यक्षता में हुई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में समिति संयोजक प्रो. गौरव वल्लभ, सह-संयोजक पुखराज पाराशर एवं टीकाराम मीणा सहित सभी सदस्यों ने शामिल होकर अपने विचार रखें।
उन्होंने एक बयान में बताया कि बैठक में समिति के सदस्यों ने कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिये राजस्थान सरकार की अनुकरणीय जन-कल्याणकारी योजनाओं का अध्ययन करने के लिए अन्य प्रदेशों की सरकारों के प्रतिनिधिमंडल राजस्थान आते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को लाभान्वित करने तथा प्रदेश की समस्याओं के समाधान को दर्शाने वाले वचनपत्र जारी किये जाएंगे।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि पहली बार राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र को राजस्थान सरकार का दस्तावेज बनाकर उसके 94 प्रतिशत से अधिक वादों को पूरा किया गया है।
उन्होंने बताया कि बैठक में समिति ने निर्णय लिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव हेतु सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देते हुए समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लक्ष्य से जनकल्याणकारी योजनाओं का वचनपत्र जारी किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY