मुंबई, 16 सितंबर मुंबई के लोगों ने बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) उपक्रम की डीजल चालित आखिरी ‘डबल डेकर’ बस को अलविदा कह दिया और कभी मुंबई की सड़कों पर परिचालित होने वाली ये बसें अब इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गयी हैं।
मुंबई के कई लोगों और बस के जरिए सफर करने वाले कई यात्रियों तथा कर्मचारियों ने लाल रंग की इस डबल डेकर बस से जुड़ी अपनी-अपनी यादों को साझा किया है।
उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नमस्ते, मुंबई पुलिस? मैं अपने बचपन की सबसे महत्वपूर्ण यादों में से एक की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराना चाहता हूं।’’
इस डबल डेकर बस ने अपने आखिरी सफर के तहत रूट संख्या 415 पर शुक्रवार रात करीब 11.05 बजे अंधेरी रेलवे स्टेशन से पश्चिमी उपनगर के सीप्ज़ गांव तक अपनी अंतिम यात्रा शुरू की। गंतव्य पर पहुंचने के बाद, यह बस 'बेस्ट' के मरोल डिपो के लिए रवाना हो गयी।
'बेस्ट' के रूट संख्या 415 पर बस संवाहक गोपाल सुताके ने डबल डेकर बस से जुड़ी अपनी यादों के बारे में कहा, ‘‘डबल डेकर बस के साथ मेरी 15 वर्षों की यादगार यात्रा रही है। यह 'मुंबई की शान' (मुंबई का गौरव) थी और अब हम इसे दोबारा नहीं देखेंगे। हमने बस की अंतिम यात्रा के दौरान यात्रियों को विशेष टिकट के रूप में पुराने टिकट वितरित किए।’’
इस प्रकार 86 साल पहले शहर की सड़कों पर शुरू की गई लाल डीजल-चालित डबल-डेकर बस का युग समाप्त हो गया। इनके स्थान पर अब नयी चमकदार लाल और काले रंग की बैटरी चालित (ईवी) डबल डेकर बस इस साल फरवरी से ही चलनी शुरू हो गई हैं।
हालांकि, दक्षिण मुंबई में दर्शनीय स्थलों की यात्रा के लिए उपयोग किए जाने वाले तीन खुली छत वाली डीजल-चालित डबल डेकर बस अभी भी चालू हैं।
'बेस्ट' के अधिकारियों ने कहा कि ये बसें पांच अक्टूबर को सड़कों से हट जाएंगी।
फूलों की मालाओं और गुब्बारों से सजी, डीजल से चलने वाली आखिरी डबल डेकर बस शुक्रवार की सुबह बेस्ट के मरोल डिपो से बाहर निकली और पूरे दिन लोगों का ध्यान खींचती रही। बस के अंदर और बाहर लोग तस्वीरें खींचते और ‘सेल्फी’ लेते नजर आए।
यात्रियों के समूह 'आपाली बेस्ट आपल्यासाथी' के सदस्य और कुछ बस प्रेमी डबल डेकर बस को उसकी अंतिम यात्रा पर विदाई देने के लिए अंधेरी ईस्ट में मौजूद थे।
'आपाली बेस्ट आवेदनसाथी' के अध्यक्ष रूपेश शेलटकर ने पीटीआई- को बताया कि आम नागरिकों के अलावा मशहूर बॉलीवुड अभिनेता जूनियर महमूद जैसी हस्तियां भी वहां मौजूद थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY