देश की खबरें | डीएचएफएल घोटाला: सीबीआई ने धीरज वधावन को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 14 मई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 34,000 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में डीएचएफएल (दीवान हाउसिंग फाइनेंस कार्पोरेशन लिमिटेड) के पूर्व निदेशक धीरज वधावन को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वधावन को सोमवार रात को मुंबई से हिरासत में लिया गया और उन्हें मंगलवार को दिल्ली की एक विशेष अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

अधिकारियों ने बताया कि डीएचएफएल के पूर्व निदेशक और उनके भाई कपिल को इस मामले में पहले 19 जुलाई, 2022 को गिरफ्तार किया गया था।

एजेंसी ने 15 अक्टूबर, 2022 को कपिल और धीरज सहित 75 प्रतिष्ठानों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था।

उन्हें विशेष अदालत ने तीन दिसंबर, 2022 को इस आधार पर जमानत दे दी थी कि जांच अधूरी है और दायर आरोप पत्र टुकड़ों में पेश किया है। इस आदेश को दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी बरकरार रखा था।

सीबीआई ने इस आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी थी। उसने जमानत आदेशों को यह कहते हुए रद्द कर दिया था कि विशेष अदालत के साथ-साथ उच्च न्यायालय ने शीर्ष अदालत द्वारा प्रतिपादित और तय की गई कानूनी स्थिति की अवहेलना करके ‘‘कानूनी रूप से गंभीर त्रुटि की।’’

इस बीच, धीरज वधावन को बंबई उच्च न्यायालय से चिकित्सकीय आधार पर एक अलग मामले में अंतरिम जमानत मिल गई क्योंकि वह इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती थे। बंबई उच्च न्यायालय ने इस साल दो मई को इस मामले में जमानत को नियमित कर दिया था और सीबीआई गिरफ्तारी से उनकी सुरक्षा की अवधि भी एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी थी।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा अवधि समाप्त होने के बाद सीबीआई ने वधावन को गिरफ्तार कर लिया।

इस समय तीन आरोपी धीरज वधावन, उनके भाई कपिल वधावन और अजय नवांदर इस मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)