देश की खबरें | धनखड़ ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के दो राजनीतिक दलों के 'घोषित बहिष्कार' पर नाराजगी जताई

नयी दिल्ली, सात फरवरी राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने पिछले सप्ताह संसद की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान दो राजनीतिक दलों के अनुपस्थित रहने पर मंगलवार को नाराजगी जताई और कहा कि देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब पूर्व में घोषणा कर राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार किया गया।

उपराष्ट्रपति बजट सत्र के पहले दिन 31 जनवरी को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा राष्ट्रपति के अभिभाषण के बहिष्कार का जिक्र कर रहे थे।

उन्होंने कहा, "मैं देश में कई लोगों की पीड़ा को साझा करता हूं कि हमने एक तरह का इतिहास रचा है। जब राष्ट्रपति ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया तो सदन में कुछ न कुछ हुआ है। लेकिन हमारे देश में यह पहली बार था कि राजनीतिक दलों ने घोषित बहिष्कार किया।"

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा 'राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव' पर अपना भाषण पूरा करने के बाद सभापति ने राज्यसभा में यह टिप्पणी की। हालांकि उन्होंने किसी पार्टी का नाम नहीं लिया।

भारत के उपराष्ट्रपति धनखड़ ने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संयुक्त बैठक को संबोधित कर रही थीं, तब भी बाहर एक "सुनियोजित" अभियान चल रहा था।

उन्होंने कहा, "हमें हर मायने में सर्वोच्च संवैधानिक पद का सम्मान करना चाहिए।"

धनखड़ की इस टिप्पणी पर कुछ विपक्षी सदस्यों को आपत्ति व्यक्त करते और इसके औचित्य पर सवाल उठाते सुना गया।

धनखड़ ने कहा कि अगर कोई संविधान की जांच करता है तो वह पाएगा कि संसद में राष्ट्रपति और दोनों सदन लोकसभा और राज्यसभा होते हैं।

सभापति ने सदन में चर्चा के दौरान सिंह द्वारा अपने भाषण में राष्ट्रपति के लिए की गई एक टिप्पणी को भी सदन की कार्यवाही से हटा दिया।

खुद सिंह ने भी तुरंत अपनी टिप्पणी वापस ले ली थी।

अडाणी समूह की कंपनियों के खिलाफ आरोपों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के लिए विपक्षी दलों की मांग के बाद सदन की कार्यवाही तीन दिनों तक बाधित रहने के बाद मंगलवार को धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हुई। विपक्षी दल अडाणी मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति गठित करने की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति, राज्यसभा के सभापति भी होते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)