देश की खबरें | धनंजय, उनकी पत्नी हवाई जहाज से जाएंगे झारखंड : स्कूटर से किया था 1200 किलोमीटर का सफर
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

ग्वालियर (मध्यप्रदेश), छह सितंबर झारखंड के गोड्डा से अपनी गर्भवती पत्नी को स्कूटर पर बिठाकर 1,200 किलोमीटर का सफर तय कर परीक्षा दिलाने ग्वालियर आये धनंजय कुमार और उनकी पत्नी अब हवाई जहाज से घर जाएंगे। उनके लिए हवाई यात्रा का इंतजाम अडानी फाउंडेशन ने किया है।

धनंजय (27) ने रविवार को बताया, ‘‘अडानी ग्रुप के फाउंडेशन की ओर से हमें ग्वालियर से रांची की हवाई यात्रा का टिकट मिल गया है। यह टिकट 16 सितंबर का है। ग्वालियर से रांची के लिए सीधी उड़ान नहीं है, इसलिए हम दोनों हैदराबाद होकर रांची पहुंचेंगे। इसके बाद रांची से सड़क मार्ग से गोड्डा जाएंगे। इसका इंतजाम गोड्डा के जिलाधिकारी ने किया है।’’

यह भी पढ़े | कोरोना के हिमाचल प्रदेश एक दिन में 397 नए मरीज पाए गए: 6 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने बताया, ‘‘मेरे स्कूटर को भी भेजने का इंतजाम अडानी फाउंडेशन करेगा।’’

धनंजय ने कहा कि ग्वालियर प्रशासन ने रहने का इंतजाम परीक्षा केन्द्र के पास कर दिया है। उन्होंने कहा कि गोड्डा में ही कुछ लोगों ने नौकरी की व्यवस्था करने की बात भी कही है।

यह भी पढ़े | Thomas Isaac Tests COVID-19 Positive: केरल के वित्त मंत्री थॉमस इसाक कोरोना पॉजिटिव, राज्य में COVID-19 के 3 हजार से अधिक नए केस.

धनंजय ने ग्वालियर आने के लिए पत्नी का जेवर गिरवी रखकर 10,000 रुपए उधार लिए थे।

कोरोना महामारी के कारण ट्रेन और बस सहित यात्रा के साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण झारखंड के गोड्डा से धनंजय अपनी गर्भवती पत्नी सोनी हेम्बरम (22) को स्कूटर पर बिठाकर डीएड (डिप्लोमा इन एजुकेशन) की परीक्षा दिलाने के लिए 30 अगस्त को ग्वालियर आए थे।

इस सफर के दौरान उन्होंने बारिश और खराब सड़कों का भी सामना किया और करीब 1200 किलोमीटर का सफर तय किया।

मामला सामने आने के बाद ग्वालियर प्रशासन ने उनकी मदद की और अडानी फाउंडेशन ने हवाई मार्ग से उनको वापस भेजने का इंतजाम भी कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)