देश की खबरें | उत्तराखंड में निवेश के लिए धामी ने की केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय से मुलाकात

नयी दिल्ली, 21 दिसंबर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेन्द्र नाथ पांडेय से मुलाकात कर राज्य में इलेक्ट्रिकल गाड़ियों एवं बैटरी उत्पाद के साथ ही ऑटोमोटिव उद्योग में नवाचार और नई तकनीक पर शोध एवं प्रोत्साहन के लिए इंडस्ट्री पार्टनर के साथ ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक धामी ने औद्योगिक विकास के लिये राज्य को केंद्र से मिल रहे सहयोग के लिए उनका आभार जताया।

बयान के मुताबिक, ‘‘मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से राज्य में इलैक्ट्रॉनिक चार्जिंग स्टेशन जल्द बनाने के लिए अनुरोध किया। साथ ही उत्तराखंड में इलेक्ट्रिक वाहन एवं बैटरी उत्पाद में निवेश के लिए सहायता की भी मांग की।’’

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ऑटोमोटिव उद्योग में नवाचार और नई तकनीक पर शोध एवं प्रोत्साहन के लिए उत्तराखंड में इंडस्ट्री पार्टनर के साथ ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ शुरू करवाने का आग्रह किया ताकि प्रदेश में दक्षता विकास, औद्योगिक विकास के साथ-साथ औद्योगिक निवेश भी आये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश बढ़ने से रोजगार सृजन के अवसर बढ़ेंगे ।

बयान के मुताबिक पांडेय ने उत्तराखंड में औद्योगिक विकास के लिए केंद्र सरकार से हर संभव सहयोग के प्रति आश्वस्त किया।

धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी मुलाकात की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)