जरुरी जानकारी | मेट कोक का आयात अचानक बढ़ने की डीजीटीआर ने जांच शुरू की

नयी दिल्ली, तीन जुलाई इस्पात और रासायनिक संयंत्रों में इस्तेमाल होने वाले मेटलर्जिकल कोक का देश में आयात अचानक बहुत तेजी से बढ़ने की जांच शुरू कर दी गई है। घरेलू उद्योगों से शिकायतें मिलने के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है।

वाणिज्य मंत्रालय की इकाई व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) ने एक अधिसूचना में कहा है कि मेट कोक के आयात में अचानक हुई तीव्र बढ़ोतरी की जांच शुरू करने का मामला बनता है।

इस जांच में डीजीटीआर यह निर्धारित करेगा कि मेट कोक के आयात में अचानक बहुत अधिक वृद्धि हुई है या नहीं। अगर उसे इसमें कुछ अप्रत्याशित नजर आता है तो वह यह परखने की कोशिश करेगा कि आयात बढ़ने से घरेलू उद्योग को किसी तरह का गंभीर नुकसान तो नहीं हुआ है।

मेट कोक का इस्तेमाल इस्पात संयंत्रों, रासायनिक संयंत्रों, लौह अयस्क संयंत्रों और ढलाईघरों में कच्चे माल के तौर पर होता है।

कुछ कंपनियों ने डीजीटीआर को सौंपी शिकायतों में कहा था कि देश में मेट कोक का आयात हाल में अचानक बहुत तेजी से बढ़ गया है। उन्होंने इसकी वजह से घरेलू उद्योगों को नुकसान होने की शिकायत भी की थी।

बीएलए प्राइवेट लिमिटेड, जिंदल कोक लिमिटेड, सौराष्ट्र फ्यूल्स, वेदांता माल्को एनर्जी और वीजा कोक लिमिटेड ने सरकार से आयात की मात्रा पर अंकुश लगाने की भी मांग की है।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)