जरुरी जानकारी | गो फर्स्ट की उड़ान तैयारियों का डीजीसीए अगले हफ्ते करेगा विशेष ऑडिट

नयी दिल्ली, 30 जून विमानन क्षेत्र का नियामक डीजीसीए परिचालन बंद कर चुकी एयरलाइन गो फर्स्ट की उड़ानें बहाल करने की तैयारियों के आकलन के लिए उसके दिल्ली एवं मुंबई स्थित इकाइयों का चार से छह जुलाई तक विशेष ऑडिट करेगा।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि दिवाला प्रक्रिया से गुजर रही एयरलाइन के समाधान पेशेवर की तरफ से 28 जून को पेश पुनरुद्धार योजना पर गौर करने के बाद नियामक ने इसकी तैयारियों का विशेष ऑडिट करने का फैसला किया है।

इस सिलसिले में डीजीसीए की टीम गो फर्स्ट की दिल्ली एवं मुंबई स्थित इकाइयों का जायजा लेकर उड़ानें दोबारा शुरू करने से जुड़ी तैयारियों का भौतिक सत्यापन करेगी।

अधिकारी ने कहा, "यह ऑडिट चार जुलाई से छह जुलाई तक चलेगा। इस दौरान सुरक्षा से जुड़े पहलुओं और हवाई परिचालन प्रमाणपत्र के लिए जरूरी प्रावधानों को पूरा करने पर गौर किया जाएगा।"

गो फर्स्ट की उड़ानों का परिचालन तीन मई से ही बंद चल रहा है। इस बीच एयरलाइन ने छह जुलाई तक उड़ानें बंद रखने की घोषणा की है।

इस दौरान एयरलाइन ने वित्तीय समस्याओं का हवाला देते हुए दिवाला समाधान प्रक्रिया शुरू करने की अर्जी भी लगाई जिस पर उसे राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) से मंजूरी भी मिल चुकी है।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)