देश की खबरें | डीजीसीए ने सुरक्षा उल्लंघन के मामले में ‘एयर एशिया इंडिया’ के दो वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 11 अगस्त विमानन नियामक डीजीसीए ने ‘‘सुरक्षा उल्लंघन’’ के मामले में ‘एयर एशिया इंडिया’ के दो वरिष्ठ अधिकारियों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया।

विमान कम्पनी के एक प्रवक्ता ने इस संबंध में कहा, ‘‘ एयर एशिया इंडिया डीजीसीए से पिछले नोटिस मिलने की बात स्वीकार करती है । नियामक के निर्देशों का अनुपालन किया गया है और नियामक के निर्देशों के तहत अंतरिम पद धारकों को नियुक्त किया गया है।’’

यह भी पढ़े | कोरोना वायरस की स्थिति पर प्रधानमंत्री मोदी ने 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ की चर्चा.

प्रवक्ता ने कहा कि ‘एयर एशिया इंडिया’ की प्राथमिकता सुरक्षा है और वह अधिकारियों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगी।

‘एयर एशिया इंडिया’ के एक पूर्व पायलट ने इस साल जून में एयरलाइन पर सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन का आरोप लगाया था।

यह भी पढ़े | Rahul Gandhi To Become Congress President? राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग.

पायलट एक मशहूर यूट्यूबर भी हैं और उनका ‘फ्लाइंग बीस्ट’ नाम से यूट्यूब पर एक चैनल है।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने एयर एशिया इंडिया के दो वरिष्ठ अधिकारियों - परिचालन प्रमुख मनीष उप्पल और उड़ान सुरक्षा प्रमुख मुकेश नेमा को जून में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। अब उन्हें तीन महीने के लिए निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। ’’

मशहूर यूट्यूबर कैप्टन गौरव तनेजा ने 14 जून को ट्वीट कर बताया था कि ‘‘एक विमान के सुरक्षित संचालन और उसके यात्रियों के लिए आवाज उठाने के कारण’’ उन्हें निलंबित कर दिया गया है। 15 जून को उन्होंने एक अन्य वीडियो में ‘‘मुझे पायलट की नौकरी से निलंबित किए जाने के पीछे के कारण’’ नाम से एक वीडियो यूट्यूब पर डाला था।

तनेजा ने वीडियो में आरोप लगाया था कि एयरलाइन अपने पायलटों से ईंधन बचाने के लिए 98 प्रतिशत लैंडिंग ‘फ्लैप 3’ मोड में करने को कहती है। उन्होंने कहा कि ऐसा ना करने पर एयरलाइन इसे अपनी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का उल्लंघन मानती है।

तनेजा ने इसे यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बताया था।

डीजीसीए ने 15 जून को ट्वीट किया था कि उसने कुछ हितधारकों द्वारा एक एयरलाइन के खिलाफ जाहिर की गई चिंताओं पर गौर किया है। डीजीसीए ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने 15 जून को कहा था कि तनेजा के आरोपों के बाद ‘एयर एशिया इंडिया’ के खिलाफ जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)