देश की खबरें | विकास केवल कागजों पर हुआ, भाजपा-जजपा के कुशासन से तंग आ चुकी है जनता : शैलजा

चंडीगढ़, 29 जून हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी गठबंधन सरकार के कुशासन से जनता तंग आ चुकी है और विकास केवल कागजों पर हुआ है।

शैलजा ने कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन ने हाल में अपने शासन का 600वां दिन मनाया और सर्वांगीण विकास का दावा किया।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हरियाणा की स्थिति पहले जैसी ही है। सरकार नाम की चीज ही नहीं है। न केवल किसान बल्कि समाज का हर तबका उनके कुशासन से तंग आ चुका है।’’

शैलजा ने हिसार में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हकीकत यह है कि उन्होंने जो किया है वह सब कागजों पर ही है। किसी को भी जमीन पर विकास नहीं दिख रहा है।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री शैलजा ने आरोप लगाया कि राज्य अपराध, बेरोजगारी और घोटालों में शीर्ष पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-जजपा गठबंधन देश में सबसे बड़ी किसान विरोधी सरकार है।

शैलजा ने कहा, ‘‘(किसान) आंदोलन शुरू होने के बाद इतनी संख्या में किसानों के जान गंवाने के बावजूद राज्य सरकार कृषि कानूनों की वकालत कर रही है जो दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाजपा-जजपा नेताओं के विरोध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाने में सक्षम नहीं हो पा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)