देश की खबरें | ममता को काले झंडे दिखाए जाने के खिलाफ पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद का प्रदर्शन

कोलकाता, तीन मार्च वाराणसी में दक्षिणपंथी संगठन के कथित समर्थकों द्वारा ममता बनर्जी को काला झंडा दिखाए जाने के विरोध में तृणमूल कांग्रेस की छात्र शाखा ने कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न भागों में बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन किया।

तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) के प्रदर्शनकारी प्रेसिडेंसी यूनिवर्सिटी के सामने जमा हुए और प्रदर्शन मार्च शुरू करने से पहले उनमें से कई लोगों के हाथों में गंगाजल का कटोरा था।

कोलकाता से बुधवार दोपहर वाराणसी पहुंचीं बनर्जी शाम को ‘गंगा आरती’ देखने के लिए दशाश्वमेघ घाट जा रही थीं, उसी दौरान रास्ते में दक्षिणपंथी संगठन ‘हिन्दू युवा बाहिनी’ के कथित सदस्यों ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए।

टीएमसीपी के प्रदेश अध्यक्ष त्रिनानकुर भट्टाचार्य ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ममता बनर्जी गैर-राजनीतिक कार्यक्रम में जा रही थीं, जब उनका अपमान किया गया।’’

उन्होंने बताया कि अपने वाहन से उतरते हुए बनर्जी ने उन्हें काला झंडा दिखाने वालों को ‘जय हिन्द’ कह कर जवाब दिया। गौरतलब है कि बनर्जी वाराणसी क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रही हैं। क्षेत्र की सीटों पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में सात मार्च को मतदान होना है।

भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘अगर एक मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र (लोकसभा क्षेत्र) में उचित सुरक्षा नहीं मिल सकता है तो, हम भाजपा के शासन में देश के अन्य हिस्सों के हालात समझ सकते हैं... यह महिलाओं का अपमान है।’’

टीएमसीपी ने घटना के विरोध में राज्य के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन मार्च का आयोजन किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)