नयी दिल्ली, 22 फरवरी दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने राष्ट्रीय राजधानी के बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने के लिए विभाग की कई प्रमुख परियोजनाओं का शनिवार को निरीक्षण किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया कि वर्मा ने निरीक्षण के दौरान भैरो मार्ग-सराय काले खां खंड और बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को यातायात की भीड़भाड़ कम करने और कनेक्टिविटी में सुधार करने के वास्ते इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, ‘‘सड़कें ऐसी बनाई जानी चाहिए जिसका कम से कम 10-15 साल तक उपयोग किया जा सके। सड़कों की गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए कि वे लंबे समय तक अच्छी स्थिति में रहें।’’
उन्होंने मूलचंद अंडरपास का भी निरीक्षण किया, जहां मानसून के दौरान भारी जलभराव की समस्या रहती है।
इसमें कहा गया कि इस मुद्दे के समाधान के लिए वर्मा ने जल निकासी में सुधार लाने के लिए कहा।
वर्मा ने कहा, ‘‘दिल्ली में कई ऐसे इलाके हैं जहां मानसून के दौरान जलभराव हो जाता है और मूलचंद अंडरपास उनमें से एक है। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बरसात से पहले जल जमाव को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं। उचित जल निकासी व्यवस्था होनी चाहिए तथा समय पर पंप लगाए जाने चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम दिल्ली को बेहतर सड़कों, कुशल जल निकासी प्रणालियों और समग्र सौंदर्यीकरण के साथ विश्व स्तरीय शहर में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY