देश की खबरें | दिल्ली: दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी बच्ची का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ

नयी दिल्ली, 20 दिसंबर बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में अपने मकान मालिक के हाथों कथित रूप से अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की शिकार बनी नौ वर्षीय एक बच्ची का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारा तलाशी अभियान बुधवार सुबह फिर से शुरू हुआ। अलग-अलग टीम काम कर रही हैं और गोताखोर मुनक नहर में शव की तलाश कर रहे हैं।’’

स्वरूप नगर इलाके में एक मकान मालिक ने 12 दिसंबर को इस बच्ची का कथित तौर पर अपहरण किया और फिर दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। बाद में उसने उसके शव को बाहरी एक नहर में फेंक दिया था।

पुलिस ने बताया कि 12 दिसंबर को जब बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी तभी आरोपी उसे कथित रूप से कार में घुमाने का लालच देकर अपने साथ ले गया।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान इलाके में ले गया जहां उसने अपनी कार में उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। अपना अपराध छिपाने के लिए उसने गला घोंटकर बच्ची की हत्या कर दी और शाम करीब साढ़े छह बजे उसके शव को मुनक नहर में फेंक दिया।

बाद में 15 दिसंबर को जब आरोपी स्कूटर पर कहीं जा रहा था तो दुर्घटना का शिकार हो गया और उसे रोहिणी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)