नयी दिल्ली, 22 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के किसान मोर्चा के नेता सुरेंद्र मटियाला की द्वारका के बिंदापुर इलाके में हत्या के संबंध में दो नाबालिग समेत छह लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी सचिन (25), दिल्ली की पालम कॉलोनी निवासी अरुण चंद (19) और दीपक बेरवा (19), हरियाणा के झज्जर निवासी योगेश कुमार (30) के रूप में हुई है। दो लड़के 16 से 17 साल की उम्र के हैं।
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम हर्षवर्धन ने बताया कि योगेश उन दो हमलावरों में से एक है, जिन्होंने मटियाला की हत्या की थी। योगेश को बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया।
डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार चार संदिग्धों के बारे में पता लगाया, जो घटना के समय घटनास्थल पर मौजूद थे। इनमें से दो ने मटियाला पर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि दो में से एक मोटरसाइकिल द्वारका से चोरी हुई थी, जिस दिन मटियाला की हत्या हुई थी।
डीसीपी हर्षवर्धन ने कहा कि फरार अपराधी कपिल सांगवान इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता है।
डीसीपी ने कहा कि सांगवान और झज्जर निवासी रोहित ने इस हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि रोहित ने अपने भाई सोहित, कुमार और अन्य को साजिश में शामिल किया तथा इसमें राजस्थान के दो अपराधियों को भी शामिल किया।
पुलिस के अनुसार, मटियाला की हत्या सांगवान द्वारा क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और अपने घटते दबदबे को कायम करने के लिए हताशा में उठाया गया कदम प्रतीत होता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY