देश की खबरें | दिल्ली : लुटेरों ने क्रेन परिचालक से मारपीट कर गोदाम में लूटपाट की

नयी दिल्ली, 20 अगस्त उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में चार लोगों ने कथित तौर पर गोदाम में घुसकर क्रेन परिचालक से मारपीट करने के बाद प्लास्टिक बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल लूट ले गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार को पुलिस को लूटपाट की पीसीआर कॉल मिली और खेड़ा कलां गांव स्थित मौके पर पहुंचने पर फोन कॉल करने वाले ने बताया कि वह गोदाम मालिक के लिए क्रेन परिचालक का काम करता है और परिसर में बने कमरे में ही सोता है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (बाहरी दिल्ली) बी. भारत रेड्डी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब तीन बजे जब वह सो रहा था तब चार लोग परिसर में दाखिल हुए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

रेड्डी ने बताया कि लुटेरों ने क्रेन परिचालक को फर्श पर बैठने को कहा और इस दौरान एक लुटेरा उसपर नजर रख रहा था, जबकि बाकी गोदाम के अंदर पिकअप ट्रक लेकर आए और प्लास्टिक बनाने में इस्तेमाल कच्चे माल के पैकेट उसपर लादने लगे। उन्होंने बताया कि बाद में लुटेरे क्रेन परिचालक को उसके कमरे में बंद कर फरार हो गए।

रेड्डी ने बताया कि क्रेन परिचालक की शिकायत पर अलीपुर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और वे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी हैं।

उसने बताया कि मुकेश (22) नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष तीन फरार हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)