नयी दिल्ली, तीन फरवरी दिल्ली पुलिस ने बुधवार को विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर सोशल मीडिया ‘रील’ बनाने के खिलाफ चेतावनी दी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सोमवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, विशेष पुलिस आयुक्त (कानून -व्यवस्था जोन- 2) मधुप तिवारी ने कहा कि इस नियम का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने कहा, “निर्वाचन आयोग के सख्त दिशा-निर्देश हैं कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। हर मतदान केंद्र पर यही संदेश भी प्रदर्शित किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि इस नियम का उद्देश्य व्यवधानों को रोकना और चुनाव प्रक्रिया की शुचिता को बनाए रखना है।
पुलिस ने मतदाताओं से दिशा-निर्देशों का पालन करने और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा या व्यवस्था से समझौता करने वाली किसी भी गतिविधि से दूर रहने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर रखेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई मतदान केंद्रों के अंदर की तस्वीरें या वीडियो तो पोस्ट नहीं कर रहा।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान पांच फरवरी को होगा जबकि मतगणना आठ फरवरी को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY