नयी दिल्ली, 16 मई दिल्ली पुलिस ने जी20 शिखर सम्मेलन से पहले अपने पर्यटन प्रकोष्ठ को दिशानिर्देश जारी किए हैं जिनमें व्यक्तित्व विकास कक्षाएं, पर्यटन से संबंधित गड़बड़ियों को रोकने के लिए प्रशिक्षण और अंग्रेजी बोलने वाले कर्मचारियों की तैनाती शामिल हैं।
‘‘पर्यटक पुलिस वैन" के लिए मंगलवार को जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में कहा गया कि दिल्ली पर्यटन विभाग और अन्य संबंधित पक्षों के सहयोग से पर्यटन पुलिस इकाई के सभी सदस्य के लिए जल्द ही प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के तहत, पर्यटक पुलिस प्रकोष्ठ से जुड़े कर्मचारियों को व्यक्तित्व विकास के साथ ही प्रभावी संचार कौशल और शिष्टाचार, पर्यटकों के प्रति अच्छे व्यवहार के गुर सिखाए जाएंगे।
ऐसे कर्मियों को अंग्रेजी में बातचीत करने और पर्यटन संबंधी गड़बड़ियों पर काबू पाने का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन गड़बड़ियों में अनधिकृत टैक्सी या बस आरक्षण, धोखाधड़ी और दलालों एवं अनधिकृत ट्रैवल एजेंट की गतिविधियां आदि शामिल हैं।
उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख बाजारों, खरीदारी स्थलों, होटल, रेस्तराओं, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल, ढाबों, विदेशी मुद्रा ब्यूरो, ऐतिहासिक स्मारकों और संग्रहालयों से परिचित कराया जाएगा।
कर्मियों को नवीनतम गैजेट और गूगल मैप एप्लिकेशन के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा और उन्हें आपातकालीन सेवाओं जैसे आग, एम्बुलेंस, प्रमुख अस्पतालों, हवाई अड्डों, टिकट आरक्षण केंद्रों, दूतावासों और होटलों के महत्वपूर्ण फोन नंबरों को अपने पास रखना होगा।
पुलिस के पर्यटन प्रकोष्ठ के लिए नए एसओपी के बारे में पूछे जाने पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "जी20 शिखर सम्मेलन से पहले एसओपी तैयार किया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दिल्ली आने वाले विदेशी पर्यटकों को परेशानी न हो और कुछ अप्रत्याशित परिस्थितियों में, यदि वे पुलिस से संपर्क करें तो उन्हें दिक्कत न हो।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY