(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 14 सितंबर दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने दिल्ली पुलिस के 15 जिलों के उपायुक्तों को जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान पुलिस कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके लिए एक ‘बड़ा खाना’ आयोजित करने का निर्देश दिया है।
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि आदेश जारी करते हुए अरोड़ा ने उपायुक्तों को उनकी सुविधा के अनुसार उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाले पुलिस थानों के कर्मियों के लिए ‘बड़ा खाना’ आयोजित करने का निर्देश दिया।
‘बड़ा खाना’ एक पारंपरिक भोज है जहां सभी दर्जे के पुलिस कर्मी एक साथ भोजन करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी शिखर सम्मेलन के दौरान सुरक्षा मुहैया कराने में पुलिसकर्मियों के योगदान का आभार व्यक्त करने के लिए शनिवार को कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर पद के करीब 450 पुलिसकर्मियों को रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया है।
इसमें निजी कठिनाइयों और पारिवारिक मसलों के बावजूद अपना कर्तव्य निभाने वाले पुलिस कर्मियों के नामों को खासतौर से शामिल किए जाने की संभावना है।
सोमवार को अरोड़ा ने जी20 शिखर सम्मेलन के लिए सुरक्षा व्यवस्था में अहम योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मियों को पुलिस आयुक्त की विशेष प्रशस्ति डिस्क और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया।
दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान श्वान दल और पुलिस के घुड़सवार दल के साथ 50,000 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY