देश की खबरें | दिल्ली : पुलिस से मुठभेड़ के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, तीन मार्च उत्तर पश्चिमी दिल्ली में प्रेम बाड़ी नाले के पास पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद हत्या के मामले में वांछित एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह ने बताया कि साहिल (22) ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि साहिल के दाहिने घुटने में गोली लगी और बाद में उसे पकड़ लिया गया।

उन्होंने बताया कि साहिल और दो अन्य 25 फरवरी को अशोक विहार इलाके में एक फैक्टरी के 45 वर्षीय कैशियर सरोज पाठक की हत्या के मामले में वांछित थे।

सिंह ने बताया, ‘‘घटना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गईं। टीम ने आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच शुरू की।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने संदिग्धों की सटीक पहचान करने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच की।

सिंह ने बताया कि जांच के दौरान अपराध में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल और पीड़ित का दोपहिया वाहन अलीपुर से बरामद किया गया। अधिकारी ने बताया, ‘‘ दो मार्च को खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम ने अशोक विहार में साहिल के होने का पता लगाया। जब उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया तो उसने गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी गोली चलाई जिससे वह घायल हो गया। उसके पास से एक देसी पिस्तौल, दो खोखे और एक कारतूस बरामद किया।’’

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान साहिल ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

सिंह ने बताया, ‘‘उसके दो साथियों - मोहम्मद फैयाज उर्फ ​​एलन (25) और दीपक (32) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों के खिलाफ कानून की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि उनके अन्य साथियों का पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि साहिल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का निवासी है और उसने अपराध की दुनिया में हाल में कदम रखा है जबकि फैयाज और दीपक दिल्ली में रहते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)