देश की खबरें | दिल्ली मेट्रो हादसा: मृतका के बच्चों ने वित्तीय मुआवाजे की मांग की

नयी दिल्ली, 18 दिसंबर दिल्ली में एक मेट्रो स्टेशन पर हुए हादसे में जान गंवाने वाली 35 वर्षीय महिला के दो बच्चों ने सावधि जमा के रूप में वित्तीय मुआवजे की मांग की है।

मृतका रीना की 12 वर्षीय बेटी और 10 साल के बेटे ने संवाददाताओं को बताया कि उनके पिता का करीब आठ साल पहले देहांत हो गया था।

खबरों के मुताबिक, बच्चों के रिश्तेदारों ने वित्तीय संकट की वजह से उनकी देखरेख में अपनी अक्षमता जाहिर की है।

आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़की ने कहा, ''मेरा पिता का करीब आठ साल पहले देहांत हो गया था और अब मेरी मां की भी मृत्यु हो गई है। हम पूरी तरह से असहाय हैं और सावधि जमा के रूप में सरकार से वित्तीय मदद की मांग करते हैं।''

दिल्ली के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर बृहस्पतिवार को रीना की साड़ी एक ट्रेन के दरवाजे में फंस गई थी, जिस कारण वह प्लेटफॉर्म पर काफी दूर तक घसीटती गई। रीना ने शनिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।

रीना के बेटे के मुताबिक, हादसे के वक्त वह अपनी मां के साथ ही था। रीना का बेटा छठी कक्षा में पढ़ता है।

उसने 'पीटीआई-' को बताया, ‘‘मेरी मां मेरा हाथ पकड़कर ट्रेन में चढ़ी थीं लेकिन मैं नहीं चढ़ पाया था। वह बाहर आ रही थीं कि तभी उनकी साड़ी दरवाजे में फंस गई और वह प्लेटफॉर्म पर घसीटती हुई चली गईं। वह मदद के लिए चिल्ला रहीं थीं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)