नयी दिल्ली, 23 जुलाई दिल्ली में शस्त्र अधिनियम के एक मामले में गिरफ्तार 36 वर्षीय व्यक्ति की रविवार को रहस्मयी परिस्थितियों में पुलिस हिरासत में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे सुभाष प्लेस पुलिस थाने में हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मृतक शेख शादत दिल्ली के जहांगीरपुरी का रहने वाला था। उसे चार अन्य लोगों के साथ शनिवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि शादत पूर्व में 18 से ज्यादा आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने शादत को एक दिन की पुलिस हिरासत में, जबकि अन्य को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
शनिवार शाम आरोपी की चिकित्सा जांच की गई थी। पुलिस ने बताया कि उसके बाद उसे (शादत को) पुलिस थाने ले जाया गया और हवालात में बंद कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब साढ़े छह बजे ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस कर्मी ने देखा कि शादत को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। पुलिसकर्मी ने तुरंत ड्यटी अधिकारी को इसकी सूचना दी और शादत को डॉ. बाबा साहेब आम्बेडकर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY