नयी दिल्ली, आठ जून उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में तीन पत्रकारों और निवासियों के एक समूह द्वारा एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाने के चार साल बाद पुलिस ने मामले में एक पत्रकार से पूछताछ की है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि ‘द कारवां’ के पत्रकार प्रभजीत सिंह को तीन जून को नोटिस भेजा गया था और सात जून को जांच में शामिल होने को कहा गया था।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्वी) जॉय तिर्की ने बताया कि सिंह सात जून को भजनपुरा पुलिस थाने में जांच में शामिल हुए और उनका बयान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि 11 अगस्त 2020 को अपराह्न करीब तीन बजे भजनपुरा पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई जिसमें कुछ मीडियाकर्मियों के साथ कहासुनी की सूचना दी गई थी।
पत्रकारों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब वे भजनपुरा में एक खबर कवर करने गए थे और कुछ स्थानीय लोगों ने उन पर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं, जिसके बाद दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गईं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY