देश की खबरें | जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान वायु गुणवत्ता की निगरानी करेंगी दिल्ली सरकार की टीम

नयी दिल्ली, आठ सितंबर दिल्ली सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए कुछ विशेष दलों का गठन किया है कि जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान शहर की वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में बनी रहे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक प्रत्येक जिले के लिए 11 दलों का गठन किया गया है - जिसमें संबंधित जिलाधिकारी, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के उपायुक्त और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के परिवीक्षाधीन अधिकारी शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि यह दल धूल रोकने के लिए पानी के छिड़काव और मशीनीकृत सफाई जैसे कदम उठाएंगे।

जी20 नेताओं का शिखर सम्मेलन शनिवार और रविवार को प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र - भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘केंद्रित दृष्टिकोण के परिणाम दिखाने शुरू हो गए है क्योंकि शुक्रवार शाम को वायु गुणवत्ता का स्तर 83 के संतोषजनक स्तर पर रहा। एक दिन पहले यह 87 पर था।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘ एमसीडी, नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद और लोक निर्माण विभाग जैसे विभिन्न निकाय धूल प्रदूषण को नियंत्रित रखने के लिए पानी के छिड़काव और मशीनीकृत उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं।’’

अधिकारियों ने कहा कि बारिश जैसे कारकों की भी इसमें भूमिका रही जिससे धूल उड़ने से रोकने में मिलती है। शिखर सम्मेलन के मद्देनजर छुट्टियों की घोषणा के कारण सड़कों पर वाहन कम हो गए हैं और हवा स्वच्छ हो गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)