देश की खबरें | दिल्ली सरकार भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में टीकाकरण शिविरों का कर रही है संचालन

नयी दिल्ली, 25 जुलाई दिल्ली सरकार टीकाकरण का दायरा बढ़ाने के लिए मेट्रो स्टेशनों, बाजारों, मॉल और शराब की दुकानों के आसपास के इलाकों में भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर कोविड-19 टीकाकरण शिविर संचालित कर रही है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों से कोरोनो वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है और डॉक्टर इस बात पर जोर दे रहे हैं कि जो लोग अब तक टीकाकरण नहीं करवा पाए हैं, उन्हें जल्द टीका ले लेना चाहिए।

अधिकारियों ने कहा कि अन्य कदमों के अलावा, टीकाकरण केंद्र का संचालन करने वाले ‘आम आदमी मोहल्ला क्लीनिकों’ की संख्या जुलाई की शुरुआत में लगभग 60 से बढ़ाकर अब 140 से अधिक कर दी गई है।

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में कोविड-19 के मामलों में इजाफा हुआ है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, रविवार तक लगातार तीन दिन दिल्ली में प्रतिदिन 700 से अधिक मामले आए, संक्रमण दर 24 जुलाई को बढ़कर 5.57 प्रतिशत हो गई। एक जून को राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के 623 मामले आए थे, जबकि 30 मई को 946 मामले आए थे।

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सरकार का लक्ष्य टीकाकरण के दायरे को अधिक से अधिक बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण करने वाले लोगों की संख्या बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं क्योंकि महामारी से निपटने के लिए टीकाकरण एक महत्वपूर्ण कदम है। महामारी अभी खत्म नहीं हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य टीकाकरण के दायरे को अधिक से अधिक बढ़ाना है और हम इसे प्राप्त करने के लिए घर-घर सर्वेक्षण सहित कई संपर्क कार्यक्रम शुरू कर रहे हैं।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘इसके अलावा, हमें मुख्य सचिव से राष्ट्रीय राजधानी में भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों को शामिल करने के निर्देश मिले हैं। हमने मॉल, बाजार, मेट्रो स्टेशन, ‘कांवड़’ शिविर और यहां तक ​​​​कि शराब की दुकानों के पास के क्षेत्र को भी चुना है जहां लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा होते हैं।’’ इन चिह्नित क्षेत्रों में टीकाकरण शिविर लगाए जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)