नयी दिल्ली, तीन जुलाई दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में संपत्ति कर के रूप में 1,110 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि से 40 प्रतिशत से अधिक है।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मेयर शैली ओबेरॉय ने कहा कि करदाताओं की संख्या भी बढ़कर लगभग 7.17 लाख हो गई है।
ओबेरॉय ने कहा, ‘‘एमसीडी द्वारा 1,113 करोड़ रुपये का संपत्ति कर एकत्र किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा वर्ष 2021 और वर्ष 2022 की तुलना में अधिक है।
ओबराय ने कहा कि नगर निगम पहले कर (टैक्स) वसूलने के बावजूद भी घाटे में चल रहा था। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी सरकार पर भरोसा दिखाया है।
वर्ष 2021-22 में संपत्ति कर के रूप में 695 करोड़ रुपये एकत्र हुआ, जबकि वर्ष 2020-21 में यह राशि 540 करोड़ रुपये थी।
उच्च कर संग्रह की सराहना करते हुए, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा कि दिल्ली में एक ईमानदार सरकार की उपस्थिति के कारण लोग स्वेच्छा से अपने करों का भुगतान कर रहे हैं।
केजरीवाल ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘पहले लोग भाजपा के शासनकाल में टैक्स नहीं भरते थे. उन्हें लगता था कि जो टैक्स उन्होंने दिया है, उसे चुरा लिया जाएगा। अब आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद लोग खुद आगे आकर टैक्स देने लगे हैं. उन्हें विश्वास है कि तब के मुकाबले अब, एक ईमानदार सरकार है, हर पैसा लोगों के विकास पर खर्च किया जाएगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY