देश की खबरें | हरियाणा कांग्रेस नेता चंद्र मोहन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल की अनिल विज से मुलाकात

अंबाला (हरियाणा), छह जुलाई हरियाणा कांग्रेस के नेता चंद्र मोहन के नेतृत्व में 21 सदस्यीय एक प्रतिनिधिमंडल ने पंचकूला जिले से संबंधित कुछ समस्याओं को लेकर मंगलवार को राज्य के गृह मंत्री अनिल विज से अंबाला छावनी स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल में पंचकूला नगर निगम के आठ कांग्रेस पार्षद भी शामिल थे।

बैठक करीब एक घंटे तक चली, इस दौरान हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री मोहन ने प्रतिनिधिमंडल के साथ पहले विज से मुलाकात की और बाद में करीब आधे घंटे तक मंत्री से अलग से मुलाकात की।

पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के बेटे चंद्र मोहन ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने विज को पंचकूला जिले की कुछ समस्याओं से अवगत कराया। चंद्र मोहन ने कहा कि उन्होंने विज के साथ स्थानीय निकायों और जिले के स्वास्थ्य विभाग की कई समस्याओं पर चर्चा की। विज स्वास्थ्य और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री भी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने पंचकूला की समस्याओं का जिक्र करते हुए गृह मंत्री को ज्ञापन सौंपा। मोहन ने कहा कि विज ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

बाद में विज से कांग्रेस नेताओं की उनसे मुलाकात के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरे हरियाणा का मंत्री हूं, इसलिए कोई भी आकर मुझसे मिल सकता है और अपने क्षेत्र की समस्या पर चर्चा कर सकता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)