जरुरी जानकारी | एयरो इंडिया के दौरान 'सीईओ गोलमेज' की अध्यक्षता करेंगे रक्षा मंत्री

बेंगलूरु, आठ फरवरी रक्षा मंत्रालय 'एयरो इंडिया 2023' के उद्घाटन दिवस पर 13 फरवरी को 'सीईओ गोलमेज' का आयोजन कर रहा है जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।

बेंगलुरु के येलहांका वायुसेना स्टेशन में यह द्वि-वार्षिक एयरशो 13 से 17 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।

एक सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, इस एयरशो से भारत में 'व्यवसाय करने में आसानी' बढ़ने की उम्मीद है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए विमान एवं रक्षा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ रक्षा मंत्री की बैठक का प्रस्ताव रखा गया है।

इस गोलमेज बैठक में बोइंग, लॉकहीड, इज़राइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज, जनरल एटॉमिक्स, रेथियॉन टेक्नोलॉजीज, सैफरान और जनरल अथॉरिटी ऑफ मिलिट्री इंडस्ट्रीज (जीएएमआई) जैसे वैश्विक निवेशकों के वैश्विक सीईओ एवं प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी।

इनके अलावा हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल), भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल), बीईएमएल लिमिटेड और मिश्रा धातु निगम लिमिटेड जैसे घरेलू सार्वजनिक उपक्रम भी इसका हिस्सा रहेंगे।

विज्ञप्ति के मुताबिक, लार्सन एंड टुब्रो, भारत फोर्ज, डायनामैटिक टेक्नोलॉजीज और ब्रह्मोस एयरोस्पेस जैसी निजी भारतीय रक्षा एवं वैमानिकी कंपनियां भी कार्यक्रम का हिस्सा बन सकती हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)