मेदिनीनगर, (झारखंड) 28 मई पलामू जिले के तरहसी प्रखंड के सरइडीह जंगल के झरना छठ घाट पर शनिवार देर शाम शिकारियों ने एक जल निकाय के पास अपनी प्यास बुझा रहे तीन साल के नर हिरण को गोली मार दी जिससे वह घायल हो गया। एक वन अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
स्थानीय ग्रामीणों ने हिरण को बचाने की कोशिश की लेकिन उसकी मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने बताया कि हिरण के पिछले भाग में दो गोली मारी गई। उन्होंने बताया कि गोली लगते ही हिरण तड़पने लगा, तो उस पर चरवाहे महेश भुइयां की नजर पड़ी।
भुइयां ने वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सुरेश यादव के साथ मिलकर हिरण को शिकारियों से बचाया और उसे अपने घर ले आए और इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मियों ने हिरण का इलाज शुरू कराया। हालांकि, थोड़ी देर में ही हिरण की मौत हो गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह हिरण के शव का पोस्टमार्टम मनातू में किया गया। वन विभाग के कर्मी मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं और शिकारियों की तलाश की जा रही है।
मनातू वन क्षेत्र के प्रभारी वनपाल राकेश पांडेय ने जानकारी दी कि वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सुरेश यादव की सूचना पर जख्मी हिरण को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
प्रभारी वनपाल ने बताया कि हिरण के पिछले हिस्से में दो गोली लगने के निशान मिले हैं। हिरण नर था और उसकी उम्र लगभग तीन वर्ष के आस पास बताई जा रही है। मनातू में पोस्टमार्टम कराकर हिरण को दफना दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY