देश की खबरें | भाजपा के दीपक मजूमदार अगरतला के महापौर होंगे

अगरतला, छह दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता दीपक मजूमदार नौ दिसंबर को अगरतला नगर निगम (एएमसी) के महापौर पद की शपथ लेंगे।

सत्तारूढ़ भाजपा की राज्य समिति की बैठक में सोमवार को यह निर्णय लिया गया। इस बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद सोनकर, मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक और प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा भी मौजूद थे।

त्रिपुरा सड़क परिवहन निगम (टीआरटीसी) के अध्यक्ष मजूमदार ने एएमसी के वार्ड नंबर 16 से चुनाव लड़ा था।

गत 25 नवंबर को 14 शहरी निकायों की 222 सीटों पर चुनाव हुआ था, जिसमें भाजपा ने 217 जीती हैं।

त्रिपुरा में नगरपालिका की कुल 324 सीटों में से, भगवा पार्टी ने 20 शहरी स्थानीय निकायों में 112 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की थी।

इक्यावन सदस्यीय एएमसी के किसी भी वार्ड से इस बार विपक्ष का एक भी उम्मीदवार नहीं जीत सका और सभी सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीते हैं।

भाजपा 2018 में सत्ता में आई थी, जिसके बाद उसने पहली बार नगर निकाय का चुनाव लड़ा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)