Omicron: इंदौर में बढ़ सकता है संक्रमण, एक दिन में 5,000 से ज्यादा नए संक्रमित मिलने का खतरा
मध्य प्रदेश सरकार की सलाहकार समिति के एक सदस्य ने शुक्रवार को आगाह किया कि अगर कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप का तेज प्रसार नहीं रुका, तो आने वाले वक्त में अकेले इंदौर जिले में नए मरीजों की दैनिक संख्या 5,000 के आंकड़े को पार कर सकती है.
इंदौर, सात जनवरी: मध्य प्रदेश सरकार की सलाहकार समिति के एक सदस्य ने शुक्रवार को आगाह किया कि अगर कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप का तेज प्रसार नहीं रुका, तो आने वाले वक्त में अकेले इंदौर जिले में नए मरीजों की दैनिक संख्या 5,000 के आंकड़े को पार कर सकती है. अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में पखवाड़े भर में महामारी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है और पिछले 24 घंटों के दौरान 584 नए संक्रमित मिले हैं. कोरोना के बीच उत्सव की रौनक बनाए रखने के लिए खोजी जा रही हैं तरकीबें.
कोविड-19 की रोकथाम के लिए गठित राज्यस्तरीय सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. निशांत खरे ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘फिलहाल इंदौर में महामारी के जितने भी नए मरीज मिल रहे हैं, उनमें से 70 से 80 प्रतिशत लोगों के ओमीक्रोन से संक्रमित होने का अनुमान है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया के बड़े शहरों में ओमीक्रोन के तेज प्रसार को देखते हुए मेरा गणितीय अनुमान है कि अगर कोरोना वायरस के इस स्वरूप की रफ्तार नहीं थामी गई, तो हमें आने वाले वक्त में अकेले इंदौर जिले में एक ही दिन में 5,000 से ज्यादा नए संक्रमित मिल सकते हैं.’’
खरे ने बताया कि महामारी की पिछली लहर के चरम के वक्त इंदौर जिले में नए संक्रमितों की अधिकतम दैनिक संख्या 1,800 के आस-पास थी. इस बीच, राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शहर में कोविड-19 के मरीजों के लिए बनाए गए करीब 600 बिस्तरों के देखभाल केंद्र का निरीक्षण किया. उन्होंने इस दौरान कहा कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार महामारी की मौजूदा लहर से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 07, 2022 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

