देश

Vallabh Maheshwari Dies: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार हादसे में शकुन ग्रुप के MD वल्लभ माहेश्वरी की मौत, BMW पलटने से गई जान; जानें उनके बारे में

जयपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी और शकुन ग्रुप के प्रबंध निदेशक वल्लभ माहेश्वरी का राजस्थान के अलवर जिले में एक सड़क हादसे में निधन हो गया. उनकी तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई थी

Vallabh Maheshwari Dies: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार हादसे में शकुन ग्रुप के MD वल्लभ माहेश्वरी की मौत, BMW पलटने से गई जान; जानें उनके बारे में
(Photo Credits: Facebook)

Vallabh Maheshwari Dies:  जयपुर के जाने-माने उद्यमी और विज्ञापन एजेंसी 'शकुन ग्रुप' (Shakun Group) के प्रबंध निदेशक वल्लभ माहेश्वरी का रविवार को एक सड़क हादसे में निधन हो गया. यह दुर्घटना राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रैणी थाना क्षेत्र के पास हुई. 62 वर्षीय माहेश्वरी अपनी बीएमडब्ल्यू (BMW) कार से जयपुर से मथुरा की धार्मिक यात्रा पर जा रहे थे. दोपहर करीब 4 बजे माइलस्टोन 136.8 के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और बैरिकेड्स तोड़ते हुए डिवाइडर पार कर एक पुलिया की दीवार से जा टकराई.

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद वल्लभ माहेश्वरी और उनके चालक को गंभीर हालत में तुरंत पीनान अस्पताल ले जाया गया. वहां से उन्हें अलवर के हरीश अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद वल्लभ माहेश्वरी को मृत घोषित कर दिया. उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. यह भी पढ़े:  areilly Groom Dies in Road Accident: यूपी के बरेली में खुशियां गम में बदलीं, शादी के महज 12 घंटे बाद सड़क हादसे में दूल्हे की मौत

कौन थे वल्लभ माहेश्वरी?

वल्लभ दास माहेश्वरी जयपुर के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी थे, जिन्हें कॉर्पोरेट गवर्नेंस और बिजनेस मैनेजमेंट में 32 वर्षों से अधिक का अनुभव था. वह मुख्य रूप से विज्ञापन, रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचा (Infrastructure) क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते थे.

निधन के समय वह शकुन ग्रुप की 12 प्रमुख कंपनियों से जुड़े हुए थे, जिनमें:

  • शकुन एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड
  • एसजीएम बिल्डकॉन और शकुन इंफ्रास्ट्रक्चर
  • शकुन होटल्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड
  • एन.एस. पब्लिसिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं.

इसके अलावा, वह रूप शकुन फाउंडेशन के माध्यम से सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे.

अशोक गहलोत ने जताया शोक

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वल्लभ माहेश्वरी के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "अलवर के रैणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर हुए एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में उद्योगपति श्री वल्लभ माहेश्वरी के निधन का समाचार बेहद दुखद है. ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं. ॐ शांति."

एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा को लेकर चिंता

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पिछले कुछ महीनों में तेज रफ्तार के कारण कई बड़े हादसे हुए हैं. पुलिस प्राथमिक तौर पर इसे तेज गति और नियंत्रण खोने का मामला मान रही है. स्थानीय प्रशासन ने एक बार फिर वाहन चालकों से अपील की है कि वे एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को टाला जा सके.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 09, 2026 12:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).