देश की खबरें | सीयूईटी-यूजी: दिल्ली के बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के लिए चार लाख विद्यार्थियों ने किया आवेदन

नयी दिल्ली, 19 जून शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक (सीयूईटी-यूजी) के जरिये चार लाख से अधिक विद्यार्थियों ने यहां स्थित बी.आर.अंबेडकर विश्ववद्यालय के लिए आवेदन किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

विश्वविद्यालय में स्नातक की 1,123 सीट हैं।

विश्वविद्यालय की कुलपति अनु सिंह लाथेर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय को स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए सीयूईटी-यूजी के तहत 4,72,357 (4.72 लाख) आवेदन प्राप्त हुए हैं।’’

उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने सीयूईटी-यूजी परीक्षा दी है उन्हें विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। विश्वविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 16 जून को शुरू हुई और यह 16 जुलाई तक जारी रहेगी।

हालांकि, इन सभी 4.72 लाख आवेदकों ने बी आर अंबेडकर विश्वविद्यालय के लिए आवेदन नहीं किया है बल्कि उन्होंने पसंदीदा विश्वविद्यालयों की सूची में इसे जगह दी है।

अधिकारियों ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने सीयूईटी पंजीकरण के दौरान इस विश्वविद्यालय का विकल्प नहीं चुना था वे भी आवेदन कर सकते हैं।

सीईयूटी-यूजी के तहत आवेदन के मामले में बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय देश का चौथा संस्थान है जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय शीर्ष पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)