देश की खबरें | मंदिर के पुजारी पर भीड़ का हमला, डकैती का मामला दर्ज
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भरूच, 29 अक्टूबर गुजरात के भरूच जिले के झगड़िया तहसील में करीब सौ लोगों की भीड़ ने एक मंदिर के पुजारी पर हमला कर दिया जिसके बाद डकैती का मामला दर्ज किया गया है। हमलावरों में महिलाएं भी शामिल थीं । पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी ।

जिले के गुमानदेव एवं उछेडिया गांव के लोगों की भीड़ गुमानदेव में स्थि​त एक मंदिर में बुधवार को घुस गई और वहां के पुजारी महंत मनमोहन दास पर कथित रूप से हमला किया । भीड़ ने कथित रूप से वहां से नकद एवं करीब पांच लाख 80 हजार रुपये के आभूषण लूट लिये ।

यह भी पढ़े | Maharashtra Extends Lockdown till Nov 30: कोरोना संकट के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मिशन ‘स्टार्ट अगेन’ के साथ 30 नवंबर तक बढाया लॉकडाउन.

यह घटना मंदिर के पास एक सड़क हादसे के बाद हुयी, जिसमें तीन स्थानीय महिलाओं की मौत हो गयी थी ।

पुलिस निरीक्षक पी एच वसावा ने बृहस्पतिवार को बताया कि घटना के बाद अरूण पटेल, योगेश पटेल, मिलन पटेल एवं कुछ अन्य लोगों के खिलाफ डकैती एवं आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है ।

यह भी पढ़े | भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने मेरे उपर लगाए रिश्वत के आरोप के संबंध में कोर्ट में बिना शर्त माफी मांगी है और माना कि उनका आरोप राजनीति से प्रेरित था-सतेंद्र जैन.

उन्होंने बताया कि इस घटना के सिलसिले में किसी की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है ।

गुमानदेव मंदिर अंकलेश्वर राजपिपला शहर में ​स्थित है ।

पुलिस ने बताया कि बुधवार की सुबह उछेडिया गांव की सब्जी बेचने वाली तीन महिलाओं को मंदिर के निकट एक गाड़ी वाले ने टक्कर मार दी ।

टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया । इसके बाद लोगों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे के बारे में पुजारी से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि यह काम नहीं कर रहा है । इसके बाद क्रोधित लोगों की भीड़ ने पुजारी को घेर लिया ।

प्राथमिकी में दावा किया गया है कि यह मंदिर का नियंत्रण लेने की यह साजिश है । पुजारी ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने उनसे एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने के लिये कहा जिसमें यह लिखा था कि मंदिर परिसर वह उन लोगों को हस्तां​तरित कर रहे हैं ।

भरूच के पुलिस अधीक्षक राजेंद्र सिंह चुडासमा ने बुधवार को कहा था कि मंदिर के निकट सब्जी बेचने को लेकर पुजारी के साथ उन महिलाओं का झगड़ा हुआ था ।

इससे संबंधित एक वीडियो में पुजारी को फटे कपड़ों में देखा जा सकता है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)