देश की खबरें | माकपा ने मप्र सरकार को अल्पसंख्यक विरोधी बताया

भोपाल, 20 अप्रैल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार सांप्रदायिक तत्वों के इशारे पर काम कर रही है और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है।

माकपा की मध्यप्रदेश इकाई के सचिव जसविंदर सिंह ने कहा कि बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की शिकायत एवं प्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर की सिफारिश पर सतना के मैहर स्थित शारदा मंदिर की प्रबंध समिति से एक मुस्लिम कर्मचारी को हटा दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘वह आदमी 1980 के दशक से वहां काम कर रहा है। मंत्री ने संविधान को दरकिनार करते हुए लिखा है कि मुस्लिम कर्मचारियों को मंदिर की प्रबंधन समिति से हटा दिया जाना चाहिए।"

उन्होंने आरोप लगाया कि धार में हिंदू जागरण मंच के नेता की शिकायत पर एक मुस्लिम युवक को जेल भेज दिया गया।

सिंह ने दावा किया कि नालछा पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई और उसे समुदायों के बीच नफरत फैलाने और अन्य अपराधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने राज्य में मदरसों का सर्वेक्षण करने का आदेश जारी करने के लिए शिवराज सिंह चौहान सरकार की आलोचना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)