विदेश की खबरें | कोविड-19: ऑस्ट्रिया में राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन शुरू

हाल के महीनों में यहां संक्रमण के कारण मौत के दैनिक मामले तीन गुना बढ़ गए हैं। कुछ अस्पतालों ने चेतावनी दी है कि उनके यहां गहन देखभाल इकाईयां (आईसीयू) भरने की कगार पर हैं।

यहां लगा लॉकडाउन अधिकतम 20 दिन तक चलेगा, हालांकि 10 दिन के बाद इसका पुन: आकलन किया जाएगा। इस दौरान लोगों के अनावश्यक रूप से बाहर जाने पर रोक होगी, रेस्तरां तथा ज्यादातर दुकानें बंद रहेंगी और बड़े आयोजन रद्द कर दिए जाएंगे। स्कूल और ‘डे-केयर सेंट’ खुले तो रहेंगे, लेकिन अभिभावकों को बच्चों को घर पर रखने की सलाह दी गई है।

चांसलर एलेक्जेंडर शालेनबर्ग ने शुक्रवार को लॉकडाउन की घोषणा की थी। तब उन्होंने यह भी कहा था कि अगले वर्ष एक फरवरी से यहां लोगों के लिए टीकाकरण अनिवार्य किया जा सकता है।

सरकार ने कहा है कि जो लोग पाबंदियों का पालन नहीं करेंगे, उन पर जुर्माना लगाया जाएगा।

शालेनबर्ग ने टीकाकरण करवा चुके सभी लोगों से शुक्रवार को माफी मांगी थी और कहा था कि लॉकडाउन की पाबंदियों के कारण उन लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ेगी जो कि ठीक नहीं है।

इससे पहले ऑस्ट्रिया ने केवल उन लोगों के लिए लॉकडाउन लागू करने का प्रयास किया था जिन्होंने टीकाकरण नहीं करवाया है। उसके बावजूद संक्रमण की रफ्तार नहीं थमी।

ऑस्ट्रिया में लॉकडाउन की पाबंदियां 13 दिसंबर को हटाई जा सकती हैं लेकिन संभव है कि उन लोगों के लिए पाबंदियां जारी रहें, जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है।

इससे एक दिन पहले, रविवार को मध्य विएना के बाजारों में क्रिसमस की खरीदारी करने और लॉकडाउन से पहले घूमने-फिरने का आनंद उठाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)