देश की खबरें | रकुल प्रीत की याचिका पर अदालत ने केंद्र से जवाब मांगा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 17 सितंबर दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह की उस याचिका पर बृहस्पतिवार को केंद्र से जवाब मांगा जिसमें उन्होंने रिया चक्रवर्ती ड्रग मामले से उन्हें जोड़ने वाली मीडिया की खबरों पर रोक लगाने की मांग की है।

अदालत ने कहा कि किसी को यह जांच करनी चाहिए कि संबंधित अधिकारी के संज्ञान में आने से पहले चीजें किस तरह लीक हो जाती हैं। इससे किसी की प्रतिष्ठा पूरी तरह नष्ट हो जाती है।

यह भी पढ़े | Kulbhushan Jadhav Case: विदेश मंत्रालय ने कहा, ICJ के फैसले को लागू करने के अपने दायित्वों को पूरा नहीं कर पाया पाकिस्तान.

न्यायमूर्ति नवीन चावला ने अभिनेत्री की याचिका पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, प्रसार भारती, भारतीय प्रेस परिषद और न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन को नोटिस जारी किया तथा जवाब मांगा।

अदालत ने इन सभी चारों प्रतिवादियों से कहा कि वे अभिनेत्री रकुल की याचिका को अभिवेदन मानें और सुनवाई की अगली तारीख 15 अक्टूबर से पहले इस पर फैसला लें।

यह भी पढ़े | जानिए क्या है भारतीय सेना का ऑपरेशन ‘स्नो लेपर्ड’.

उच्च न्यायालय ने उम्मीद जतायी है कि रिया चक्रवर्ती से जुड़े मामले में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह से संबंधित खबरों में मीडिया प्रतिष्ठान कुछ संयम बरतेंगे और केबल टीवी नियमन, प्रोग्राम कोड तथा अन्य दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे।

अदालत ने याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा, ‘‘जांच चल रही है। किसी को यह जांच करनी चाहिए कि संबंधित अधिकारी के संज्ञान में आने से पहले चीजें किस तरह लीक हो जाती हैं। इससे किसी की प्रतिष्ठा पूरी तरह नष्ट हो जाती है।’’

केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कहा कि अभिनेत्री एक तरह से पूर्ण प्रतिबंध या छूट की मांग कर रही हैं, जो नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि अदाकारा ने सरकार से या किसी अन्य प्राधिकार से कोई शिकायत नहीं की और उन्होंने किसी मीडिया प्रतिष्ठान या चैनल के खिलाफ कोई विशिष्ट आरोप नहीं लगाए हैं।

अभिनेत्री की ओर से पेश हुए अधिवक्ता अमन हिंगोरानी ने कहा कि रिया चक्रवर्ती अपना वह बयान वापस ले चुकी है जिसमें उन्होंने कथित तौर नाम लिया था, उसके बावजूद मीडिया में आ रही खबरों में उन्हें इस मामले से जोड़ा जा रहा है।

मामले में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुनवाई हुई।

हिंगोरानी ने कहा कि यदि इस तरह के कार्यक्रमों पर रोक नहीं लगाई जाती है तो उनकी मुवक्किल को बहुत नुकसान हो सकता है और इससे उनकी मौजूदा फिल्मों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)