विदेश की खबरें | सीओपी28: पर्यावरण मंत्री ने जलवायु संकट के समाधान के लिए युवाओं को केंद्र में लाने का आह्वान किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

दुबई, आठ दिसंबर युवाओं को "परिवर्तन का वाहक" करार देते हुए पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने शुक्रवार को देशों से कहा कि वे जलवायु संकट के समाधान के लिए युवाओं को मुख्य भूमिका में लाएं।

यादव यहां सीओपी28 में संयुक्त राष्ट्र के बाल निकाय यूनिसेफ के साथ भारत द्वारा ‘ग्रीन राइजिंग’ पहल शुरू किए जाने संबंधी कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के नेतृत्व वाली जलवायु कार्रवाइयों और समाधानों को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि ‘ग्रीन राइजिंग ग्लोबल इनिशिएटिव’ कम से कम एक करोड़ बच्चों के लिए जलवायु परिवर्तन पर देशों की महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय कार्य योजनाओं में योगदान करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।

यह उल्लेख करते हुए कि युवा एक स्थायी विश्व का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण वाहक हैं, लेकिन वे "जलवायु परिवर्तन से प्रभावित सबसे कमजोर समूह" भी हैं, पर्यावरण मंत्री ने कहा कि युवा जलवायु संकट के लिए सबसे कम जिम्मेदार हैं लेकिन वे इसके सबसे खराब परिणाम भुगत रहे हैं।

उन्होंने कहा, “लेकिन इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि युवा जलवायु कार्रवाई में बहुमूल्य योगदानकर्ता हैं। वे नवप्रवर्तक, उद्यमी और सकारात्मक परिवर्तन लाने की इच्छा रखने वाले पर्यावरण के प्रति जागरूक व्यक्तियों के रूप में परिवर्तन के वाहक हैं। युवा आज जलवायु कार्रवाई में तेजी लाने के अपने प्रयासों को बढ़ाने के लिए शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी का सर्वोत्तम उपयोग कर रहे हैं।”

यादव ने कहा, ‘‘बदलाव लाने के लिए युवाओं को सही ज्ञान और कौशल से युक्त करना हमारी जिम्मेदारी है। इस सही ज्ञान में प्रौद्योगिकीय शक्ति और पर्यावरणीय समझ का मिश्रण होना चाहिए।’’

यादव ने इस बात पर जोर दिया कि भारत 'पारिस्थितिकी को बचाने और अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने' के सिद्धांत के साथ आगे बढ़ रहा है और उन्हें खुशी है कि इस दिशा में एक वैश्विक शुरुआत हो रही है।

उन्होंने कहा, "यह महत्वपूर्ण है कि भविष्य के नेताओं और जलवायु प्रणाली की प्रेरक शक्तियों के रूप में युवाओं की क्षमता का निर्माण करने के उद्देश्य से संयुक्त पहल की जाए।"

यूनिसेफ, जनरेशन अनलिमिटेड और साझेदारों ने पहले सीओपी युवा, बच्चे, शिक्षा और कौशल दिवस पर दुबई केयर्स द्वारा आयोजित रिविरएड शिखर सम्मेलन में ‘ग्रीन राइजिंग’ पहल शुरू की।

(यह स्टोरी 2023 क्लाइमेट चेंज मीडिया पार्टनरशिप के हिस्से के रूप में तैयार की गई, जो इंटरन्यूज के अर्थ जर्नलिज्म नेटवर्क और स्टैनली सेंटर फॉर पीस एंड सिक्योरिटी द्वारा आयोजित एक पत्रकारिता फेलोशिप है।)

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)