देश की खबरें | न्यायाधीश की कार को सैर के लिए ले जाने और क्षतिग्रस्त करने के आरोप में कांस्टेबल बर्खास्त

नागपुर, 23 मई बॉम्बे उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश की सरकारी कार से सैर करने और उसे बिजली के खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त करने के आरोप में एक पुलिस कांस्टेबल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कांस्टेबल से कार की मरम्मत का खर्च वसूलने का भी निर्देश दिया है।

उन्होंने बताया कि 2016 में पुलिस बल में शामिल हुआ कांस्टेबल बॉम्बे उच्च न्यायालय की नागपुर पीठ के न्यायमूर्ति वाल्मीकि सा मेनेजेस के बंगले पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात था।

अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल न्यायाधीश की एक कार को चार अप्रैल को बिना अनुमति के ले गया और वायुसेना नगर से गुजरते समय उससे एक बिजली के खंभे में टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जिसके बाद कांस्टेबल ने दुर्घटना के बारे में किसी को बताए बिना कार को वापस न्यायाधीश के बंगले में खड़ा कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में सदर पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच में कांस्टेबल की भूमिका का खुलासा हुआ।

उन्होंने बताया कि जांच के बाद पुलिस आयुक्त ने सोमवार को उसे (कांस्टेबल को) सेवा से बर्खास्त कर दिया और कार की मरम्मत के लिए उनके सेवानिवृत्ति लाभों से 2.28 लाख रुपये की वसूली का भी आदेश दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)