देहरादून, 24 अप्रैल उत्तराखंड के अल्मोड़ा में उदय शंकर नाट्य संस्थान परिसर में भारतीय फिल्म और टेलिविज़न संस्थान (एफटीआईआई) जैसा एक उच्चस्तरीय संस्थान स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने यह जानकारी देते हुए यहां बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुणे स्थित एफटीआईआई की तरह प्रदेश में भी फिल्म, टीवी और कंटेंट निर्माण प्रशिक्षण हेतु एक उच्च स्तरीय संस्थान की स्थापना के निर्देश दिए हैं ।
उन्होंने कहा कि फिल्म और टेलिविजन प्रशिक्षण संस्थान को अल्मोड़ा के उदय शंकर नाट्य संस्थान परिसर में स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है।
तिवारी ने बताया कि संस्थान के वित्तीय पोषण एवं संचालन संबंधी अन्य विषयों के निर्धारण हेतु मुख्यमंत्री ने एक विशेषज्ञ समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं जिसकी कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह संस्थान राज्य में फ़िल्म निर्माण से जुड़े प्रशिक्षित मानव संसाधन की संख्या में वृद्धि करने तथा युवाओं को इस क्षेत्र में प्रोत्साहित करने में सहायक होगा ।
उत्तराखंड सरकार फ़िल्म निर्माण को एक संगठित उद्योग की तरह बढ़ावा दे रही है जिसके चलते पिछले कुछ सालों में प्रदेश में बीसियों फिल्मों, धारावाहिकों तथा वेब सिरीज की शूटिंग हुई है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY