देश की खबरें | खरगे की जीत पर कांग्रेस की कर्नाटक इकाई ने कहा : राज्य के लिए गर्व का क्षण

( तस्वीर सहित)

बेंगलुरु, 19 अक्टूबर कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खरगे की जीत को राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया है।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि खरगे का अनुभव और अंतर्दृष्टि कांग्रेस को सही दिशा में ले जाएगी।

सिद्धरमैया ने ट्वीट किया, ‘‘ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को हार्दिक बधाई। उनका अनुभव, प्रतिबद्धता और अंतर्दृष्टि कांग्रेस को सही दिशा में ले जाएगी। यह सभी कर्नाटक वासियों के लिए गर्व का क्षण है।’’

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने भी ऐसे ही विचार व्यक्त किए।

डी के शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ कर्नाटक बहुत ही भाग्यशाली है। एस निजलिंगप्पा के बाद हमारे राज्य से ताल्लुक रखने वाले खरगे कांग्रेस की कमान संभालेंगे। चुनाव में खरगे को 7,897 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को 1,072 वोट मिले। करीब 400 वोट अवैध करार दिए गए।’’

अन्य नेताओं ने भी खरगे का अभिवादन करते हुए इसी तरह के विचार व्यक्त किए।

इस बीच, खरगे के पार्टी अध्यक्ष के रूप में चुने जाने के बाद बुधवार को यहां क्वींस रोड पर कांग्रेस के राज्य मुख्यालय में जश्न मनाया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी, खरगे के पक्ष में नारेबाजी की और पार्टी का झंडा लहराया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे (80) बुधवार को आए चुनाव परिणाम में पार्टी के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर (66) को 6,825 मतों के अंतर से पराजित किया। अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)