देश की खबरें | कर्नाटक की जीत का जश्न मनाते कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जय बजरंग बली के नारे लगाए

भोपाल, 13 मई कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का जश्न मनाने के लिए शनिवार दोपहर यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने 'जय बजरंगबली' और 'जय श्री राम' के नारे लगाए और ढोल-नगाड़ों पर डांस किया।

कांग्रेस के कार्यकर्ता यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर जमा हुए और आपस में मिठाई बांटी तथा एक दूसरे को गुलाल लगाया और पटाखे फोड़े। कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता इस मौके पर पर भगवान हनुमान की तस्वीरें भी लिए हुए थे।

कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणा पत्र में सरकार बनने पर चरमपंथी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने का वादा किया गया और इसमें पीएफआई के साथ साथ बजरंग दल का भी जिक्र किया गया।

इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि बजरंग दल के खिलाफ कोई भी कार्रवाई भगवान हनुमान के अपमान के समान है और उन्होंने रैली के बाद बजरंग बली की जय के नारे लगाए। भगवान हनुमान का एक अन्य लोकप्रिय नाम बजरंगबली है।

भाजपा शासित मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख के के मिश्रा ने कहा कि कर्नाटक में 40 फीसद कमीशन पर फलने फूलने वाली भाजपा सरकार खत्म हो गई है और अब मप्र में 50 फीसदी कमीशन पर राज करने वाली भाजपा सरकार के अंत का समय करीब आ रहा है।

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी कर्नाटक की जीत का जश्न मनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)