नयी दिल्ली, 11 मई निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के इस दावे को खारिज कर दिया कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल की गईं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीने (ईवीएम) पहले दक्षिण अफ्रीका में उपयोग में लाई जा चुकी हैं।
आयोग ने पार्टी से यह भी कहा कि वह उस स्रोत का सार्वजनिक रूप से खुलासा करे जिसने यह ‘फर्जी सूचना’ फैलाई।
कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला को लिखे पत्र में निर्वाचन आयोग ने कहा कि उसने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में ‘इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया’ द्वारा निर्मित नयी ईवीएम का इस्तेमाल किया गया।
गत आठ मई को आयोग को लिखे पत्र ने कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में दक्षिण अफ्रीका में ‘इस्तेमाल की गईं’ मशीनों का ‘फिर से उपयोग’ किए जाने पर चिंता जताई थी और स्पष्टीकरण मांगा था।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि ईवीएम को न तो दक्षिण अफ्रीका भेजा गया था और न ही आयोग ने ऐसी किसी ईवीएम का यहां उपयोग किया गया।
कर्नाटक विधानसभा की सभी 224 सीटों के लिए 10 मई को मतदान हुआ। 13 मई को मतगणना होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY