देश की खबरें | लद्दाख प्रकरण के लिए कांग्रेस ने चीन की आलोचना के बजाय मोदी सरकार पर सवाल खड़े किए: केंद्रीय मंत्री

चंडीगढ़, 28 जून केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने लद्दाख में भारत-चीन के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर कांग्रेस पर चीन की आलोचना करने के बजाय मोदी सरकार पर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया।

भाजपा की चंडीगढ़ इकाई द्वारा आयोजित एक डिजिटल रैली को संबोधित करते हुए, मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी पर “सेना का मनोबल तोड़ने के ध्येय से” सवाल करने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़े | मध्यप्रदेश में आज कोरोना के 221 नए मामले सामने आए, 7 की मौत : 28 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

प्रसाद ने गलवान घाटी में हाल ही में चीन और भारत के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प का जिक्र करते हुए कहा,“कांग्रेस को क्या हुआ है? राहुल गांधी, सोनिया जी! वे हर दिन सवाल पूछते हैं। कोई भी अन्य पार्टी कोई सवाल नहीं उठा रही है।”

उन्होंने कहा, “वे कभी खुल कर चीन की आलोचना नहीं करते और फिलहाल वे सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। वे सैनिकों पर सवाल उठा रहे हैं।”

यह भी पढ़े | Gaurav Taneja-AirAsia India Row: गौरव तनेजा के आरोपों के बाद DGCA सख्त, एयर एशिया इंडिया को जारी किया कारण बताओ नोटिस.

उन्होंने राहुल गांधी पर “बालाकोट हवाई हमले का सबूत मांगने” का भी आरोप लगाया।

साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत का संदर्भ देते हुए प्रसाद ने कहा कि जनता ने उन्हें जवाब दे दिया लेकिन उन्होंने अपनी गलतियों से कोई सबक नहीं सीखा।

राहुल गांधी के , लद्दाख में सैनिकों को निहत्थे भेजे जाने संबंधी सवाल पर प्रसाद ने कहा कि 1993 में कांग्रेस नीत सरकार ने ही वास्तविक नियंत्रण रेखा पर आग्नेयास्त्रों का इस्तेमाल न करने को लेकर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

झड़प में 20 भारतीय सैनिकों के शहीद हो जाने के संदर्भ में प्रसाद ने कहा कि 40 से अधिक चीनी सैनिक मारे गए जिसे चीनी प्राधिकारी छिपा रहे हैं।

प्रसाद ने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर से कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए जा रहे सवालों के जवाब देने को कहा।

उन्होंने कहा ‘‘मैं कैप्टन साहब से एक सवाल पूछना चाहता हूं। आप सेना में कैप्टन रहे हैं और आप एक देशभक्त हैं। ऐसे समय पर जब भारत और चीन के बीच तनाव है, तब राहुल ओर सोनिया जी सवाल उठाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

प्रसाद ने कहा ‘‘कैप्टन अमरिंदर सिंह जवाब दें कि उनकी क्या प्रतिक्रिया है क्योंकि जिस तरह राहुल गांधी और सोनिया जी रोज सवाल कर रहे हैं उसका ध्येय बलों का और देश का मनोबल गिराना है।’’

साथ ही केंद्रीय मंत्री ने राजीव गांधी फाउंडेशन पर 2005-06 के दौरान चीनी दूतावास से अनुदान लेने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने कहा ‘‘सोनिया जी राजीव गांधी फाउंडेशन की अध्यक्ष और राहुल तथा प्रियंका गांधी इसके सदस्य हैं। आपको चीन से धन लेने की क्या जरूरत थी ? आपने धन क्यों लिया ? इसका अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।’’

उन्होंने आरोप लगाया ‘‘जब उन्होंने (कांग्रेस ने) चीन से धन लिया तब वे खुलेआम उनकी आलोचना कैसे कर सकते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)