जयपुर, 19 फरवरी कांग्रेस ने पार्टी के बैंक खातों को ‘फ्रीज’ किए जाने के खिलाफ सोमवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर एवं जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया तथा पैदल मार्च निकाला।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी की सभी जिला समितियों की ओर से सुबह 11 बजे पैदल मार्च निकाला गया।
जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पार्टी कार्यालय से आयकर विभाग के कार्यालय की ओर पैदल मार्च निकाला, लेकिन पुलिस ने ‘स्टेच्यू सर्किल’ पर उन्हें रोक दिया जहां उन्होंने काफी देर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया।
एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। विधायक और पूर्व मंत्री समेत पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गये।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री शांति धारीवाल, प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक अमीन कागजी, रफीक खान, प्रशांत शर्मा, शिखा मील बराला, अभिमन्यु पूनिया, प्रदेश महासचिव जसवंत गुर्जर मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने केंद्र की भाजपा सरकार के विफल होने का दावा करते हुए कहा कि दस साल पहले उसने जिन मुद्दों पर चुनाव लड़ा था, उन पर वह विफल रही है तथा उसने कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के खाते ‘फ्रीज’ कर दिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरे को रोकने की कोशिश की जा रही है तथा वे देशभर में कांग्रेस नेताओं को तोड़कर भाजपा में शामिल कराना चाहते हैं।
इस अवसर पर विधायक रफीक खान ने कहा, ‘‘खाते सीज करना लोकतंत्र की हत्या है और राजनीतिक दलों को चुनाव लड़ने से रोका जा रहा है।’’
इस अवसर पर पार्टी के कई विधायक और नेता मौजूद रहे। राज्य में कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया।
बाद में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने संवाददाताओं से कहा, "प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग का दुरुपयोग करके भय पैदा करना और धमकी देना भाजपा का एक मॉडल है। यह लोकतंत्र की हत्या का प्रयास है।"
उन्होंने कहा,‘‘ अचानक लोकसभा चुनाव के कुछ दिन पहले जब आचार संहिता लगने वाली हो तब कांग्रेस पार्टी के सारे खातों को फ्रीज कर देना-लोकतंत्र में इससे ज्यादा गलत काम नहीं हो सकता। प्रमुख विपक्षी दल को पूरी तरीके से चुनाव से बाहर करने के लिए साजिश रचने और एजेंसियों का दुरुपयोग करने के खिलाफ हमने प्रदर्शन किया है।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोडो न्याय यात्रा 25 फरवरी को राज्य में आएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY